संपादक विमल कुमार






बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं और सफाई व्यवस्था का जायजा लेने नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास झा ने शनिवार को विभिन्न वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड क्रमांक 20, 21, 22, 23 एवं 24 में पहुंचकर स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विकास झा ने गेवरा बस्ती मुख्य चौक स्थित जर्जर यात्री प्रतीक्षालय एवं शौचालय का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इसकी स्थिति की जानकारी लेते हुए जल्द से जल्द जीर्णोद्धार कर इसे आम लोगों के उपयोग में लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्री प्रतीक्षालय और सार्वजनिक शौचालय जैसी सुविधाएं आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इनका व्यवस्थित और उपयोगी होना जरूरी है।
वहीं गेवरा बस्ती बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह जमा कचरे को देखकर विकास झा ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित सुपरवाइजर को फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने तथा नियमित रूप से साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए।
पानी टंकी की होगी मरम्मत, टैंकर से होगी जलापूर्ति
निरीक्षण के दौरान गेवरा बस्ती स्थित पानी टंकी की स्थिति का भी जायजा लिया गया। विकास झा ने पानी टंकी की आवश्यक मरम्मत जल्द कराने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्र के पार्षदों से कहा कि टंकी की मरम्मत के दौरान नागरिकों को पेयजल की परेशानी न हो, इसके लिए आपसी समन्वय बनाकर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें। नगर पालिका की ओर से पानी टैंकर उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वार्डवासियों को नियमित रूप से पानी उपलब्ध कराया जा सके।
छठ पर्व से पहले घाट की व्यवस्था पर जोर?
आगामी छठ पर्व को देखते हुए विकास झा ने गेवरा बस्ती में छठ पूजा स्थल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व से पूर्व श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूजा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साफ-सफाई, पहुंच मार्ग एवं अन्य जरूरी सुविधाओं को व्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
विकास झा ने कहा कि नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में लगातार वार्डों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर की समस्याओं को चिन्हित किया जा रहा है। प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निराकरण कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से भी आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान पीआईसी सदस्य एवं पार्षद श्रवण कुमार यादव, पार्षद राजकुमार कंवर, प्यारे लाल दिवाकर, दिलीप दास, नवीन कुकरेजा सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, नगर पालिका के सब इंजीनियर एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
