संपादक विमल कुमार



सुमेधा नदी छठ घाट पर भव्य महागंगा आरती और आतिशबाजी ने बांधा समां, आकर्षक विद्युत सजावट से जगमगाए घाट

पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना, सुबह उगते सूर्य को दिया जाएगा अर्घ्य।
बांकीमोंगरा: लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा पूरे कोरबा जिले सहित उपनगरीय क्षेत्रों में हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार को व्रती महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने विभिन्न छठ घाटों पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य देव को विधि-विधान से अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं आरोग्यता की कामना की।
इसी कड़ी में बांकीमोंगरा क्षेत्र के सुमेधा नदी, कटाईनार एवं घुड़देवा नदी स्थित छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक छठ गीतों, पूजा-पाठ और सूर्य उपासना के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। व्रतियों ने सूप और दउरा में फल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्रियां सजाकर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया।
वहीं सुमेधा नदी स्थित छठ घाट पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने परिवार के साथ पहुंचकर छठ पूजा में सहभागिता की और अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं ने भी पूरी श्रद्धा और आस्था के साथ पूजा-अर्चना की।
महागंगा आरती और आतिशबाजी से भक्तिमय हुआ सुमेधा छठ घाट!
सुमेधा नदी छठ घाट पर इस वर्ष विशेष आकर्षण के रूप में भव्य महागंगा आरती का आयोजन किया गया। जहां ब्राह्मणों एवं पुजारियों द्वारा विधि-विधान से महागंगा आरती संपन्न कराई गई। आरती के दौरान दीपों की रोशनी और मंत्रोच्चार से पूरा घाट आध्यात्मिक वातावरण में डूब गया। वहीं आकर्षक आतिशबाजी और पटाखों की गूंज ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया।
छठ पूजा को लेकर सुमेधा नदी घाट को समाज के प्रमुखों एवं विभिन्न समितियों के सहयोग से आकर्षक विद्युत सजावट, रंग-बिरंगी लाइटों और सुंदर पंडालों से सजाया गया था। घाट की मनमोहक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। शाम होते ही रोशनी से जगमगाते घाट का नजारा देखते ही बन रहा था।
व्यवस्थाओं में पालिका, पुलिस प्रशासन और समाजसेवियों का रहा योगदान
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पालिका के अधिकारी-कर्मचारी, पुलिस प्रशासन तथा समाज के प्रमुखों एवं आयोजन समितियों का विशेष योगदान देखने को मिला। श्रद्धालुओं की सुविधा, घाटों की व्यवस्था और आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर सहयोग किया गया।

वहीं भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए सेवा भाव का परिचय देते हुए चाय, बिस्किट, पानी एवं प्रसाद का वितरण किया गया। इससे घाट पर पहुंचे व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिली।
सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा महापर्व का समापन
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार की सुबह व्रती महिलाएं एक बार फिर छठ घाटों पर पहुंचकर उदीयमान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करेंगी। इसके साथ ही चार दिवसीय कठिन व्रत का विधिवत पारण होगा और लोक आस्था का यह महापर्व सुख-समृद्धि, परिवार की मंगलकामना और सामाजिक एकता का संदेश देते हुए संपन्न होगा।
