संपादक विमल कुमार

कुसमुंडा/कोरबा: ऊर्जानगरी कोरबा के कुसमुंडा खदान क्षेत्र से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। खदान परिसर के भीतर दो भारी ट्रेलर वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक ट्रेलर चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है।
केबिन में फंसा रहा चालक का शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा खदान में कार्यरत नीलकंठ कंपनी के पेटी ठेकेदार PKS कंपनी के दो भारी वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर की तीव्रता इतनी अधिक थी कि एक ट्रेलर का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अंदर ही फंसा रह गया। गंभीर चोट लगने के कारण चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। काफी मशक्कत के बाद शव को केबिन से बाहर निकाला जा सका। मृतक चालक की पहचान रेलिया निवासी विश्व प्रसाद बिट्टू के रूप में हुई है।
गंभीर घायल चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे में दूसरे ट्रेलर का चालक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के तुरंत बाद सहकर्मियों और मौजूद लोगों की मदद से घायल चालक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
खदान क्षेत्र में मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाली स्थिति
दुर्घटना के बाद खदान परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल निर्मित हो गया। घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा थाना प्रभारी मृत्युंजय पांडे अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने समझाइश देकर आक्रोशित लोगों और कर्मचारियों को शांत कराया तथा स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुरक्षा मानकों और प्रबंधन पर खड़े हुए सवाल
इस दर्दनाक हादसे के बाद खदान प्रबंधन और संबंधित कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की बेतहाशा आवाजाही, गति सीमा और सुरक्षा नियमों के पालन को लेकर लापरवाही की बातें सामने आ रही हैं। सवाल यह उठ रहा है कि आखिर खदान क्षेत्र के भीतर भारी वाहनों के परिचालन और सुरक्षा मानकों को लेकर प्रबंधन द्वारा कितनी गंभीरता बरती जा रही है?
