संपादक विमल कुमार







बांकीमोंगरा/पौसरा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत पौसरा में कटघोरा वनमंडल के तत्वावधान में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में बांकीमोंगरा नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती झा ने जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों तथा ग्रामीणों के साथ मिलकर पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रकृति और मानव जीवन का संबंध अटूट है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि प्रत्येक व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल अपने परिवार के सदस्य की तरह करे।
उन्होंने इस जन-जागरूकता अभियान के सफल आयोजन के लिए कटघोरा वनमंडल एवं वन विभाग की टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत सदस्य श्रवण कुमार, सरपंच बंसती एक्का, उपसरपंच संजू यादव, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर क्षेत्र को हरा-भरा बनाने और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया तथा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
