--:--
Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ जिला कोरबा कुसमुंडा आदर्श नगर में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा हुईं शामिल।

छत्तीसगढ़ जिला कोरबा कुसमुंडा आदर्श नगर में महिलाओं ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा हुईं शामिल।

by Vimal Kumar
2 views

संपादक विमल कुमार

बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा अंतर्गत कुसमुंडा के आदर्श नगर सामुदायिक भवन में प्रेरणा महिला मंडल के तत्वावधान में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। सावन की हरियाली, लोक संस्कृति और महिलाओं की प्रतिभा से सजा यह आयोजन पूरे दिन उत्साह और उमंग से सराबोर रहा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद महिलाओं ने सावन झूले का आनंद लिया तथा गीत-संगीत, नृत्य, रैंप वॉक, मॉडलिंग और विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महिलाएं पारंपरिक बांधनी परिधान, हरी चूड़ियां एवं हाथों में मेहंदी सजाकर सावन के रंग में रंगी नजर आईं।
सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने फिल्मी, भोजपुरी एवं लोकगीतों पर जमकर नृत्य किया। “चूड़ी मजा ना देगी, कंगन मजा ना देगा”, “तेरे बिना ओ साजन, सावन मजा ना देगा” और “छतरी ना खोल बरसात में” जैसे गीतों पर महिलाओं ने जमकर ठुमके लगाए और कार्यक्रम में समां बांध दिया। देर शाम तक गीत-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा।
सावन क्वीन एवं रैंप वॉक प्रतियोगिता में दिखा उत्साह
सावन क्वीन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान किरण साहू, द्वितीय नेहा पांडे एवं तृतीय स्थान रानी पांडे ने प्राप्त किया। विजेताओं को सावन सुंदरी का खिताब भी प्रदान किया गया।
वहीं सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में सुमन देवांगन, लता साहू एवं लक्ष्मी साहू ने हिस्सा लिया। रैंप वॉक प्रतियोगिता में प्रथम स्थान मिशा रंधावा, द्वितीय ज्योति वर्मा एवं तृतीय स्थान संगीता यादव ने प्राप्त किया। विभिन्न प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का आयोजन अध्यक्ष उमा कुमारी, कोषाध्यक्ष मंजू यादव, सचिव तुलेश्वरी साहू, रुबी गुप्ता, श्वेता प्रमाणिक, मनजीत कौर एवं सुखजीत कौर के संयोजन में किया गया।
इस अवसर पर सचिव तुलेश्वरी साहू ने कहा कि सावन महोत्सव का उद्देश्य महिलाओं को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा और कला को खुलकर प्रस्तुत कर सकें। वहीं कोषाध्यक्ष मंजू यादव ने कहा कि सावन महोत्सव के माध्यम से महिलाओं को सांस्कृतिक मंच प्रदान करने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना तथा भारतीय परंपरा एवं संस्कृति को बढ़ावा देना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि सावन माह का भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व है। सावन हरियाली, उमंग और जीवन में खुशियों का संदेश लेकर आता है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने, अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी भाईचारा मजबूत करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए प्रेरणा महिला मंडल की सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी महिलाओं के लिए नाश्ता एवं डिनर की व्यवस्था की गई तथा सम्मान स्वरूप प्रत्येक महिला को उपहार भेंट किया गया। इस दौरान प्रेरणा महिला मंडल की बड़ी संख्या में सदस्य एवं महिलाएं उपस्थित रहीं। पूरे आयोजन में सावन की मस्ती, हरियाली और महिलाओं के उत्साह ने माहौल को यादगार बना दिया।

You may also like

Contact Us

संपादक – विमल कुमार

संपर्क – 8305826954

ईमेल -hungamanews01@gmail.com

पता – बांकी मोंगरा, कोरबा, छत्तीसगढ़

Udhyam No : UDYAM-CG-10-0011789

Important Links

All Rights Reserved © 2026 Hungama News