संपादक विमल कुमार






बांकीमोंगरा में जनसंवाद चौपाल से जनता की समस्याओं का होगा समाधान, पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने वार्ड-वार्ड पहुंचने की बनाई योजना
*वार्ड क्रमांक 30 मनगांव से हुई शुरुआत, बिजली, पानी, साफ-सफाई और राशन कार्ड सहित मूलभूत समस्याओं पर हुई चर्चा; आगामी दिनों में प्रत्येक वार्ड में लगेगी चौपाल।
बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और उन्हें मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जनसंवाद चौपाल कार्यक्रम की शुरुआत की है। इस पहल के तहत पालिका अध्यक्ष स्वयं वार्डों में पहुंचकर नागरिकों की समस्याएं सुन रही हैं और संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के निर्देश दे रही हैं। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक 30 मनगांव में जनसंवाद चौपाल का आयोजन किया गया, जहां वार्डवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से पालिका अध्यक्ष को अवगत कराया। इस दौरान कुछ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
चौपाल में वार्ड पार्षद राहुल केंवट की उपस्थिति में वार्डवासियों ने बिजली, पानी, साफ-सफाई, राशन कार्ड सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को सड़कों पर स्ट्रीट लाइट लगाने, बंद पड़ी लाइटों को दुरुस्त करने, साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने तथा राशन कार्ड से संबंधित समस्याओं के तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।
जर्जर सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार सहित सड़क, पानी और नाली की उठी मांग
जनसंवाद चौपाल में वार्डवासियों ने जर्जर सामुदायिक भवन का जीर्णोद्धार कराने के साथ सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और नाली से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इस पर पालिका अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निरीक्षण कर समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। चौपाल के बाद श्रीमती झा ने पालिका अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षद, जनप्रतिनिधियों एवं वार्डवासियों के साथ वार्ड का भ्रमण कर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा भी लिया।
प्रत्येक वार्ड में पहुंचेगी जनसंवाद चौपाल, लगातार जारी रहेगा कार्यक्रम!
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने जानकारी देते हुए बताया कि जनसंवाद चौपाल कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड क्रमांक 30 मनगांव से की गई है और यह कार्यक्रम लगातार जारी रहेगा। आगामी दिनों में नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के प्रत्येक वार्ड में पहुंचकर जनसंवाद चौपाल आयोजित की जाएगी, ताकि वार्डवासियों को अपनी समस्याएं रखने के लिए सीधे मंच मिल सके।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में संबंधित पार्षद द्वारा निर्धारित स्थल पर चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारी, नगर पालिका के कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहेंगे, जिससे नागरिकों की समस्याओं को मौके पर समझकर उनके निराकरण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पालिका अध्यक्ष ने यह भी कहा कि चौपाल के दौरान जिन नागरिकों की समस्याओं का मौके पर निराकरण नहीं हो पाता है अथवा जो नागरिक किसी कारणवश अपनी समस्या नहीं रख पाते हैं, वे नगर पालिका परिषद कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्या से संबंधित अधिकारियों को अवगत करा सकते हैं। नागरिक सुविधाओं से वंचित हितग्राही कार्यालय में संपर्क कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन भी प्रस्तुत कर सकते हैं।
पालिका अध्यक्ष की नागरिकों से अपील—चौपाल में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें!
श्रीमती सोनी विकास झा ने नगर पालिका क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनसंवाद चौपाल कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने वार्ड में आयोजित होने वाली चौपाल में पहुंचकर बिजली, पानी, सड़क, नाली, साफ-सफाई, राशन कार्ड सहित अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को सामने रखें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य पालिका प्रशासन और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि समस्याओं की जानकारी समय पर मिल सके और उनके निराकरण के लिए उचित कदम उठाए जा सकें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के साथ विकास झा (पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष, भाजयुमो छत्तीसगढ़), नगर पालिका के सब इंजीनियर, अधिकारी-कर्मचारी, वार्ड पार्षद राहुल केंवट, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लाभान्वित वार्डवासी उपस्थित रहे।
