संपादक विमल कुमार







बांकीमोंगरा: बरसात समाप्त होते ही नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलनी शुरू हो गई है। इसी क्रम में बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने वार्ड क्रमांक 03 मोंगरा बस्ती में सीसी रोड निर्माण कार्य का विधि-विधान से भूमिपूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। सड़क निर्माण कार्य शुरू होने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
वार्ड क्रमांक 03 मोंगरा बस्ती में मुख्य बस्ती मेन रोड से सोसायटी तक सीसी रोड निर्माण के लिए 9.68 लाख रुपए तथा मुख्य बस्ती से ध्रुव यादव के घर-कुआं तक सीसी रोड निर्माण के लिए 8.18 लाख रुपए की राशि स्वीकृत है। दोनों मार्गों को मिलाकर कुल 17 लाख 86 हजार रुपए की लागत से सड़क निर्माण कराया जाएगा।
अध्यक्ष सोनी विकास झा ने कहा गुणवत्तापूर्ण विकास हमारी प्राथमिकता
भूमिपूजन के अवसर पर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता जैसे कार्यों को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से जिन क्षेत्रों में सड़क निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य स्वीकृत कराए जा रहे हैं। वार्ड क्रमांक 03 में सीसी रोड बनने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और बरसात के दिनों में होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी एवं संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
विकास झा बोले—हर वार्ड में पहुंचेगा विकास
इस अवसर पर पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा ने कहा कि नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों को लेकर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क निर्माण जैसे कार्य सीधे तौर पर आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि वार्डों में नागरिकों से मिल रही समस्याओं और मांगों को प्राथमिकता के साथ संबंधित विभागों के समक्ष रखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बांकीमोंगरा के सभी वार्डों में आवश्यकतानुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि नागरिकों को बेहतर सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने नागरिकों से भी निर्माण कार्य में सहयोग करने और गुणवत्ता पर नजर रखने की अपील की।
भूमिपूजन कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा, पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष भाजयुमो छत्तीसगढ़ विकास झा, वार्ड पार्षद लोकनाथ सिंह तंवर, पार्षद अश्वनी मिश्रा, भाजपा मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, कोषाध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, प्रेस क्लब अध्यक्ष निशांत झा सहित क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिक, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आसपास के नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पालिका अध्यक्ष एवं नगर पालिका परिषद का आभार जताया। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
