संपादक विमल कुमार

प्रधानमंत्री आवास योजना से 17 परिवारों को मिली नई उम्मीद
बांकीमोंगरा नगर पालिका में हितग्राहियों को सौंपे गए आवास स्वीकृति पत्र
प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में 17 जरूरतमंद परिवारों के पक्के मकान का सपना अब हकीकत बनने की ओर बढ़ चला है। नगर पालिका कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पालिका अध्यक्ष सोनी विकास झा ने चयनित हितग्राहियों को आवास स्वीकृति पत्र वितरित किए। स्वीकृति पत्र मिलते ही परिवारों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष ने कहा कि शासन की मंशा है कि प्रत्येक गरीब और जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित एवं पक्की छत उपलब्ध हो। उन्होंने हितग्राहियों को शुभकामनाएं देते हुए आवास निर्माण कार्य जल्द शुरू करने तथा योजना की राशि का सही उपयोग करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ी एक महत्वपूर्ण पहल है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए, ताकि गुणवत्ता बनी रहे और हितग्राहियों को किस्त प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों ने नगर पालिका प्रशासन एवं पालिका अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से अपने घर का जो सपना अधूरा था, वह अब पूरा होने की उम्मीद में बदल गया है। योजना से जुड़े परिवारों में उत्साह का माहौल देखा गया।
