--:--
Home क्राइम छत्तीसगढ़ जिला कोरबा के बांकी मोंगरा में मोबाइल दुकान को चोरों ने फिर बनाया निशाना, 50-60 हजार का सामान पार

छत्तीसगढ़ जिला कोरबा के बांकी मोंगरा में मोबाइल दुकान को चोरों ने फिर बनाया निशाना, 50-60 हजार का सामान पार

by Vimal Kumar
4 views

संपादक विमल कुमार

छत का पैराफिट तोड़कर दुकान में घुसे चोर, डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा और डीवीआर की हार्ड डिस्क भी ले गए

बांकी मोगरा। थाना बांकी मोगरा अंतर्गत 4 नंबर मेन रोड स्थित दीप्ति मोबाइल शॉप में अज्ञात चोरों ने एक बार फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोर दुकान की छत का पैराफिट तोड़कर अंदर घुसे और करीब 50 से 60 हजार रुपये कीमत के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस घटना से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल है।

सुबह दुकान खोलने पहुंचे संचालक, तब हुआ चोरी का खुलासा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 4 नंबर निवासी दुकान संचालक सरवन साहू बुधवार सुबह करीब 9 बजे जब अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि छत के ऊपरी हिस्से में लगा टीन खुला हुआ था। दुकान के अंदर जाकर देखने पर सामान गायब मिला। इसके बाद चोरी की घटना का पता चला।

चोर दुकान से डीजे सिस्टम, आईपी कैमरा और डीवीआर की हार्ड डिस्क समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 50 से 60 हजार रुपये बताई जा रही है।

दुकान में दूसरी बार चोरी, पहले मामले में भी नहीं मिली सफलता

बताया जा रहा है कि इसी दुकान में इससे पहले भी चोरी की घटना हो चुकी है। पिछली वारदात में पुलिस चोर को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी थी। अब एक बार फिर उसी दुकान को निशाना बनाए जाने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

घटनास्थल पर चोरों द्वारा हंसिया और एल-नुमा लोहे का एक औजार भी छोड़े जाने की जानकारी सामने आई है। आशंका है कि चोरों ने इन्हीं औजारों का इस्तेमाल चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया होगा। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, अज्ञात चोरों की तलाश शुरू

घटना की सूचना मिलने के बाद बांकी मोगरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। दुकान संचालक की शिकायत पर थाना में अपराध क्रमांक 211/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की गई है।

पुलिस ने अज्ञात चोरों की पतासाजी शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस की ओर से जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लेने का आश्वासन दिए जाने की बात सामने आई है।

अब देखना होगा कि बांकी मोगरा पुलिस इस बार चोरी की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों तक कब पहुंच पाती है।

You may also like

Contact Us

संपादक – विमल कुमार

संपर्क – 8305826954

ईमेल -hungamanews01@gmail.com

पता – बांकी मोंगरा, कोरबा, छत्तीसगढ़

Udhyam No : UDYAM-CG-10-0011789

Important Links

All Rights Reserved © 2026 Hungama News