संपादक विमल कुमार


बांकीमोंगरा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की CDM मशीन में नकद राशि जमा करते समय बार-बार पैसे फंसने की समस्या को लेकर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के राजस्व एवं बाजार समिति के सभापति एवं वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी कुमार मिश्रा ने बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र लिखकर आम नागरिकों की परेशानी से अवगत कराया है।
उन्होंने पत्र में कहा कि CDM मशीन में बार-बार नकदी फंसने से आम नागरिकों को आर्थिक परेशानी, मानसिक तनाव और अनावश्यक भागदौड़ का सामना करना पड़ता है। चिंताजनक बात यह है कि मशीन की तकनीकी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के बजाय ATM कक्ष के नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है, जबकि आम ग्राहकों की पहली आवश्यकता मशीन का सुचारु रूप से काम करना और जमा की गई राशि सुरक्षित रहना है।
पार्षद अश्वनी मिश्रा ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि CDM मशीन की तकनीकी जांच कराकर आवश्यक मरम्मत अथवा नई मशीन स्थापित की जाए तथा मशीन में फंसी राशि की समयबद्ध वापसी सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को बार-बार बैंक के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि जनता को दिखावे से अधिक बेहतर सुविधाओं की आवश्यकता है। बैंक प्रबंधन को सौंदर्यीकरण के साथ-साथ आम नागरिकों की वास्तविक समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देनी चाहिए।
