कोरबा) बांकी मोंगरा के बांकी कॉलोनी सोमवारी बाजार स्थित शिव शक्ति मंदिर में आयोजित विराट शिव पुराण कथा का भव्य एवं श्रद्धापूर्ण समापन किया गया। 27 दिसंबर से प्रारंभ हुई यह शिव पुराण कथा 3 जनवरी को संपन्न हुई, जिसके अंतिम दिन विशाल भोग भंडारे का आयोजन किया गया। भोग भंडारे में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शिव शक्ति मंदिर के सेवादार बृजेश सिंह, बली राम यादव, हरिंदर मौर्य एवं अनिल द्विवेदी ने बताया कि मंदिर के कार्यकर्ताओं की दृढ़ इच्छाशक्ति और समर्पण के कारण महायज्ञ एवं विराट शिव पुराण कथा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा कि मंदिर के स्वयंसेवी सेवादारों, कार्यकर्ताओं, नगर के दानदाताओं तथा महिलाओं के संयुक्त प्रयास से पूरे आयोजन के दौरान नगर का वातावरण भक्तिभाव और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण बना रहा।
उन्होंने जानकारी दी कि इस विराट शिव पुराण कथा में यज्ञाचार्य एवं व्यासपीठ महाराज सहित 11 सदस्यों का दल वृंदावन एवं काशी से पधारा था। कथा के दौरान प्रतिदिन शिव महिमा का वर्णन, प्रवचन एवं धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। कार्यक्रम के अंतर्गत संत समागम, हिंदू जागरण संगोष्ठी, तुलसी पूजन तथा राम नाम लेखन पुस्तिका का पूजन भी विधिवत रूप से किया गया।
कार्यक्रम के अंतिम दिन आयोजित विशाल भोग भंडारे में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में भक्तों की कतारें लगी रहीं। श्रद्धालुओं ने भोग प्रसाद ग्रहण कर स्वयं को धन्य महसूस किया।
आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी सेवादारों, कार्यकर्ताओं, दानदाताओं एवं सक्रिय भागीदारी निभाने वाली महिलाओं की सेवादारों ने मुक्त कंठ से प्रशंसा की और नगर की जनता का हृदय से आभार व्यक्त किया।