संपादक विमल कुमार




बांकीमोंगरा: नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा नगरवासियों और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लंबे समय से जर्जर अवस्था में पड़े चार यात्री प्रतीक्षालयों का जीर्णोद्धार कर उन्हें पुनः उपयोग के लिए तैयार किया गया। बुधवार को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने विधिवत पूजा-अर्चना एवं फीता काटकर इन यात्री प्रतीक्षालयों का शुभारंभ किया।
उल्लेखनीय है कि पूर्व में नगर निगम कोरबा के कार्यकाल में बांकीमोंगरा के डेली सब्जी मार्केट, गजरा चौक, कटाईनार चौक एवं घुड़देवा चौक में यात्रियों एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए यात्री प्रतीक्षालयों का निर्माण कराया गया था। बाद में बांकीमोंगरा नगर निगम से अलग होकर नगर पालिका परिषद बनने तक इन प्रतीक्षालयों की स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी थी, जिससे लोगों को इनका लाभ नहीं मिल पा रहा था।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के नेतृत्व में इन चारों यात्री प्रतीक्षालयों का व्यापक जीर्णोद्धार एवं मरम्मत कार्य कराया गया। मरम्मत के बाद अब ये प्रतीक्षालय पुनः यात्रियों और स्थानीय नागरिकों के उपयोग के लिए उपलब्ध हो गए हैं। क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद प्रमोद सोना, वार्ड क्रमांक 12 की पार्षद श्रीमती प्रमिला सायतोड़े, वार्ड क्रमांक 14 की पार्षद श्रीमती रम्भा हेम सिंह कंवर, वार्ड क्रमांक 17 की पार्षद श्रीमती रुबी पवन गुप्ता, भाजयुमो बांकीमोंगरा के उपाध्यक्ष प्रकाश झा, पूर्व पार्षद पवन गुप्ता, हेम सिंह कंवर, नकुल पटेल, देव राजपूत, विनय कुमार सहित क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को इसी प्रकार प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।
