संपादक विमल कुमार



नगर पालिका परिषद क्षेत्र स्थित डेली सब्जी मार्केट में मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुलडोजर चलाए जाने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। नगर पालिका द्वारा बाजार क्षेत्र के सौंदर्यीकरण और व्यवस्थित विकास को लेकर शुरू की गई इस कार्रवाई का सब्जी विक्रेताओं और स्थानीय व्यापारियों ने विरोध किया।
व्यापारियों का कहना था कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए दुकानों और अस्थायी ढांचों को हटाने से उनके रोजगार पर सीधा असर पड़ेगा। कार्रवाई के दौरान बाजार परिसर में काफी देर तक गहमागहमी और तनाव की स्थिति बनी रही। इसके बाद तहसीलदार एवं नगर पालिका की सीएमओ मौके पर पहुंचीं और व्यापारियों से चर्चा की।
व्यापारियों ने प्रशासन के सामने मांग रखी कि उन्हें तत्काल कुछ स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपना व्यापार जारी रख सकें। अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को सुनने के बाद आश्वासन दिया कि फिलहाल 70 प्रतिशत हिस्से में तोड़फोड़ और निर्माण कार्य किया जाएगा, जबकि शेष 30 प्रतिशत क्षेत्र में अभी सब्जी मार्केट संचालित होने दिया जाएगा।

प्रशासन ने बताया कि डेली सब्जी मार्केट को अधिक व्यवस्थित, साफ-सुथरा और सुविधायुक्त बनाने के उद्देश्य से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में व्यापारियों और आम नागरिकों दोनों को लाभ मिलेगा। लंबी चर्चा और आपसी सहमति के बाद प्रशासन और व्यापारियों के बीच 70/30 फार्मूले पर सहमति बनी, जिसके बाद मामला शांत हुआ और व्यापारियों ने भी प्रशासन का सहयोग करने की बात कही।
