संपादक विमल कुमार




कोरबा, 24 मई 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देशानुसार खनिज विभाग द्वारा जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन एवं परिवहन के विरुद्ध विशेष जांच अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं जांच की गई।
कार्यवाही के दौरान खनिज रेत, गिट्टी एवं मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त पाए जाने पर कार्रवाई कर बरमपुर से अवैध रेत परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा सर्वमंगला चौकी क्षेत्र से गिट्टी का अवैध परिवहन कर रहे दो हाइवा को जप्त कर सर्वमंगला चौकी अभिरक्षा में रखा गया।
राताखार में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक टीपर को कार्रवाई कर जप्त किया गया। वहीं जरहा जेल बरमपुर में बसाहट समतलीकरण के लिए किए जा रहे कार्य में बिना वैधानिक अनुमति मिट्टी का उत्खनन व परिवहन करवाने पर कार्रवाई करते हुए मौके पर स्थित चार चैन माउंटेन को जप्त कर सील किया गया।
गेवरा बस्ती से मुरुम का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर दो ट्रैक्टरों को कार्रवाई करते हुए कुसमुंडा थाना अभिरक्षा में रखा गया है। नरईबोध में ईंट भट्ठे से ईंट का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को जप्त किया गया। इंदलभाटा तरदा में मिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर एक ट्रैक्टर को भी कार्रवाई कर जप्त किया गया।
इसी प्रकार उरगा क्षेत्र में मिट्टी के अवैध उत्खनन एवं परिवहन करते पाए जाने पर एक चैन माउंटेन और तीन हाइवा को जप्त कर सील किया गया। सभी जप्त वाहनों को नियमानुसार आगे की कार्रवाई हेतु संबंधित पुलिस थानों एवं खनिज जांच चौकियों में सुरक्षा अभिरक्षा में रखा गया है।
खनिज विभाग द्वारा की गई इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा राजस्व की क्षति को रोकना है। अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमों तथा प्रचलित वैधानिक प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
जिले में अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
