संपादक विमल कुमार



बांकी मोंगरा। पत्रकारों एवं मीडिया से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भाजपा नेता भागवत विश्वकर्मा और स्थानीय पत्रकारों के बीच चल रहा विवाद बुधवार को आपसी बातचीत और सौहार्दपूर्ण माहौल में समाप्त हो गया। पत्रकारों के समक्ष उपस्थित होकर भागवत विश्वकर्मा ने अपनी टिप्पणी पर खेद जताते हुए सार्वजनिक रूप से क्षमा मांगी। इसके बाद पत्रकारों ने उनके समाचारों के बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया।
बैठक में भागवत विश्वकर्मा ने स्वीकार किया कि पत्रकारों के सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर की गई उनकी टिप्पणी उचित नहीं थी। उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी से पत्रकार साथियों की भावनाओं और सम्मान को ठेस पहुंची है, जिसके लिए वे हृदय से क्षमा चाहते हैं। उन्होंने भविष्य में इस तरह की टिप्पणी या पोस्ट नहीं करने का आश्वासन भी दिया।
इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से आपसी संबंधों में पहले जैसी सहजता और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतभेदों का समाधान संवाद और आपसी समझ से किया जाना चाहिए तथा सभी को मिल-जुलकर सामाजिक हित में कार्य करना चाहिए।
भागवत विश्वकर्मा की ओर से खेद व्यक्त कर क्षमा मांगने और भविष्य में ऐसी पुनरावृत्ति नहीं होने के आश्वासन के बाद पत्रकारों ने आपस में चर्चा की। चर्चा के उपरांत पत्रकारों ने सर्वसम्मति से उनके समाचारों के बहिष्कार का निर्णय समाप्त कर दिया।
इस तरह कई दिनों से चला आ रहा विवाद आपसी समझ, संवाद और सौहार्द के साथ समाप्त हो गया।
