--:--
Home छत्तीसगढ़ छत्तीसगढ़ जिला कोरबा पार्षद प्रमोद सोना और अश्वनी मिश्रा की शिकायत पर SECL सख्त, चार वार्डों में पहुंचा अमला

छत्तीसगढ़ जिला कोरबा पार्षद प्रमोद सोना और अश्वनी मिश्रा की शिकायत पर SECL सख्त, चार वार्डों में पहुंचा अमला

by Vimal Kumar
1 views

संपादक विमल कुमार

सफाई व्यवस्था और पुल की बदहाली पर उठी आवाज, अधिकारियों ने दो दिन में सुधार का दिया आश्वासन

कोरबा/बांकीमोंगरा। बांकीमोंगरा नगर पालिका क्षेत्र के SECL प्रभावित वार्ड क्रमांक 10, 12, 13 एवं 14 में लंबे समय से चली आ रही सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई और जलभराव की समस्या को लेकर SECL प्रबंधन अब हरकत में आया है। पार्षद प्रमोद सोना और वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद एवं राजस्व एवं बाजार समिति के पीआईसी सदस्य अश्वनी मिश्रा द्वारा लगातार समस्याएं उठाए जाने के बाद गुरुवार को SECL सुराकछार/बल्गी सब एरिया मैनेजर ने संबंधित क्षेत्रों का मौके पर निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित ठेकेदार और सुपरवाइजर को दो दिन के भीतर सफाई व्यवस्था में सुधार, कचरा उठाव और नालियों की सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पार्षद प्रमोद सोना बोले—3 दिन में सफाई नहीं हुई तो सड़क पर बैठकर करेंगे आंदोलन

पार्षद प्रमोद सोना ने कहा कि उनके वार्ड के लोग लंबे समय से सफाई व्यवस्था को लेकर शिकायत कर रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। इसी को लेकर उन्होंने सब एरिया मैनेजर से मुलाकात कर वार्ड में जमा कचरे की तस्वीरें दिखाते हुए मौके की दयनीय स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि तीन दिन के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो जनहित में उनके द्वारा बीच सड़क पर बैठकर आंदोलन किया जाएगा।

अश्वनी मिश्रा बोले—पत्राचार के बावजूद नहीं हुआ समाधान

वार्ड क्रमांक 13 के पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कहा कि SECL क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था लगभग नहीं के बराबर है। पार्षदों द्वारा अपने-अपने वार्डों की समस्याओं को लेकर लगातार पत्राचार किया जा रहा था, लेकिन प्रबंधन द्वारा अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा था।

उन्होंने बताया कि इसी समस्या को लेकर भाजयुमो छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा के साथ SECL सीजीएम से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराया गया। इसके बाद सब एरिया मैनेजर वार्डों में पहुंचे और मौके पर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।

अश्वनी मिश्रा ने कहा कि सिविल विभाग और SECL प्रबंधन की प्रभावी मॉनिटरिंग नहीं होने के कारण सफाई व्यवस्था लचर बनी हुई है, जिसका खामियाजा क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है।

कटाईनार-बांकी मुख्य मार्ग के पुल की समस्या भी उठाई

निरीक्षण के दौरान पार्षद अश्वनी मिश्रा ने कटाईनार-बांकी-कोरबा मुख्य मार्ग स्थित पुल की बदहाल स्थिति भी अधिकारियों के सामने रखी। उन्होंने बताया कि पुल के दोनों ओर सुरक्षा दीवार नहीं होने के कारण यहां आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

पार्षद के अनुसार पुल के दोनों ओर दीवार निर्माण के लिए पहले भी कई बार आवेदन दिया जा चुका है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने पुल की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद इसे प्राथमिकता का कार्य बताते हुए आश्वासन दिया कि दो दिवस के भीतर पुल के दोनों ओर दीवार निर्माण का कार्य शुरू कराया जाएगा।

पार्षदों ने दी आंदोलन की चेतावनी

अश्वनी मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में सफाई व्यवस्था और अन्य जरूरी कार्यों को लेकर ठेकेदार की कार्यप्रणाली शुरू से ही सुस्त और लापरवाह रही है। अब SECL प्रबंधन ने सुधार के लिए समय दिया है, लेकिन यदि तय समयसीमा में सफाई और निर्माण संबंधी कार्य शुरू नहीं हुए तो सभी पार्षद एकजुट होकर आंदोलन करेंगे।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर आंदोलन के आगामी कार्यक्रम की जानकारी वार्डवासियों और प्रबंधन को दी जाएगी।

9 सितंबर की मुलाकात के बाद लिया गया संज्ञान

गौरतलब है कि 9 सितंबर 2026 को विकास झा, पार्षद प्रमोद सोना और अश्वनी मिश्रा ने SECL कोरबा जीएम से मुलाकात कर क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सामने रखा था। इसके बाद SECL प्रबंधन ने मौके पर निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों, ठेकेदार और सुपरवाइजर को आवश्यक निर्देश दिए।

अब वार्डवासियों की नजर दो दिन की समयसीमा पर है। देखना होगा कि SECL के आश्वासन के बाद सफाई, कचरा उठाव, नाली सफाई, जलभराव और पुल की सुरक्षा दीवार से जुड़ी समस्याओं पर धरातल पर कितनी तेजी से कार्रवाई होती है।

You may also like

Contact Us

संपादक – विमल कुमार

संपर्क – 8305826954

ईमेल -hungamanews01@gmail.com

पता – बांकी मोंगरा, कोरबा, छत्तीसगढ़

Udhyam No : UDYAM-CG-10-0011789

Important Links

All Rights Reserved © 2026 Hungama News