संपादक विमल कुमार


विधायक प्रेमचंद पटेल एवं नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ भूमि पूजन
बाँकीमोंगरा :- क्षेत्र के पत्रकारों द्वारा लंबे समय से प्रेस क्लब भवन की मांग की जा रही थी। इस मांग को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद गठन के बाद अपनी प्राथमिकताओं में शामिल किए गए वादे को पूरा करते हुए नगर पालिका परिषद बाँकीमोंगरा की प्रथम नवनिर्वाचित अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा ने विधायक प्रेमचंद पटेल के साथ प्रेस क्लब हेतु सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और समाज को सही दिशा देने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जनप्रतिनिधियों का दायित्व है तथा प्रेस क्लब भवन बनने से क्षेत्र के पत्रकारों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।
नगर पालिका परिषद की अध्यक्षा श्रीमती सोनी विकास झा ने कहा कि क्षेत्र के पत्रकार साथियों के लिए बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने का उनका संकल्प था, जिसकी दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भवन निर्माण पूर्ण होने के बाद यह पत्रकारों की गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष निशांत झा एवं समस्त पत्रकार साथियों ने विधायक एवं अध्यक्षा का आभार व्यक्त करते हुए भवन निर्माण की पहल का स्वागत किया।
कार्यक्रम में भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष विकास झा, मंडल अध्यक्ष उदय शर्मा, परिषद निर्माण समिति अध्यक्ष श्रावण कुमार यादव, पार्षद प्रमोद सोना, पार्षद प्रमिला सायतोड़े, अमरु दास महंत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
