संपादक विमल कुमार








बांकीमोंगरा: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के विशेष अवसर पर नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा एक भव्य और प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गजरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल स्वास्थ्य और योग को बढ़ावा दिया गया, बल्कि समाज की रीढ़ मानी जाने वाली सैकड़ों सफाई कर्मी महिलाओं (दीदियों) का सम्मान भी किया गया।
नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा आयोजित इस योग शिविर में एसएलआरएम (SLRM) सेंटर की सैकड़ों सफाई कर्मी दीदियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और योग के विभिन्न आसनों का अभ्यास किया। योग शिविर की समाप्ति के बाद, मुख्य अतिथि और बांकीमोंगरा पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा के द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में अमूल्य योगदान देने वाली इन सैकड़ों महिलाओं को साड़ियां वितरित की गईं। उपहार पाकर सभी सफाई कर्मी दीदियों के चेहरे खिल उठे।
इस गरिमामयी कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष के साथ प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान
श्रीमती ज्योत्सना टोप्पो मुख्य पालिका अधिकारी , पार्षद प्रतिनिधि हेम सिंह कंवर, राकेश पटेल इसके अलावा अन्य जनप्रतिनिधिगण और आस-पास के बड़ी संख्या में आम नागरिक भी इस योग शिविर और सम्मान समारोह के साक्षी बने।
इस दौरान पालिका अध्यक्ष श्रीमती झा ने कहा कि हमारी सफाई कर्मी दीदियां शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में अहम योगदान देती हैं। योग दिवस के मौके पर उनके स्वास्थ्य की कामना करने के साथ-साथ उनका सम्मान करना हमारे लिए गर्व की बात है। यह आयोजन न केवल योग के माध्यम से स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने में सफल रहा, बल्कि स्वच्छता दूतों के प्रति सम्मान व्यक्त कर समाज में एक सकारात्मक संदेश भी दे गया।

