संपादक विमल कुमार


बांकीमोंगरा, 5 जून 2026। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा द्वारा प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत व्यापक जनकल्याण अभियान चलाते हुए “पीएम स्वनिधि महोत्सव एवं लोक कल्याण मेला” का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य शहरी पथ विक्रेताओं, असंगठित श्रमिकों एवं जरूरतमंद परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से जोड़ना है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार क्षेत्र के सभी वार्डों में रहने वाले पात्र हितग्राहियों की सुविधा के लिए दो विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। पहला शिविर 5 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 1 से 18 के हितग्राहियों के लिए शांतिनगर दुर्गा पंडाल (वार्ड क्रमांक 6) में तथा दूसरा शिविर 18 जून 2026 को वार्ड क्रमांक 19 से 30 के हितग्राहियों के लिए मंगल भवन, खोडरी रोड (वार्ड क्रमांक 27) में आयोजित होगा। दोनों शिविर सुबह 10 बजे से दोपहर 3:30 बजे तक संचालित किए जाएंगे।
महोत्सव में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र पथ विक्रेताओं को 15 हजार, 25 हजार एवं 50 हजार रुपये तक के ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही डिजिटल भुगतान प्रशिक्षण, खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी जानकारी देकर स्वरोजगार को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
शिविर में प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री जनधन योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, बीओसीडब्ल्यू पंजीयन, जननी सुरक्षा योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना सहित अनेक सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों को प्रदान किया जाएगा।
नगर पालिका परिषद ने सभी पथ विक्रेताओं एवं पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि पर शिविर में उपस्थित होकर योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है। प्रशासन का मानना है कि यह महोत्सव आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
